जयपुर, 26 फरवरी 2025 (न्याय स्तंभ)। सांभर झील में 27 फरवरी को भव्य सांभर बर्ड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। देश-दुनिया में अपनी खारी जलराशि और समृद्ध वेटलैंड पारिस्थितिकी के लिए प्रसिद्ध यह झील एक बार फिर पक्षी प्रेमियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और पर्यटकों का स्वागत करने को तैयार है। वन विभाग द्वारा कोच्या की ढाणी स्थित इंटरप्रिटेशन सेंटर परिसर में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य झील की जैव विविधता और प्रवासी पक्षियों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में तकनीक और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। स्कूली बच्चों के लिए बर्ड क्विज, पेंटिंग और जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। दूरबीन, कैमरा, स्पॉटिंग स्कोप और ड्रोन की मदद से बर्ड वॉचिंग का विशेष अनुभव कराया जाएगा। दुर्लभ पक्षी प्रजातियों और उनके जीवन चक्र पर आधारित फोटो प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगी। साथ ही झील में नमक उत्पादन की पारंपरिक प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा।
महोत्सव में eBird ऐप की जानकारी देकर पक्षी अवलोकन डेटा को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। एवियन बोटुलिज़्म जैसी बीमारियों से बचाव संबंधी जागरूकता स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
वन विभाग ने अधिकाधिक संख्या में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ संरक्षण प्रयासों को भी सुदृढ़ करेंगे।