नासिर खान ने जीते दो गोल्ड, बेस्ट पॉशर का खिताब

जयपुर, 26 अक्टूबर 2026(न्याय स्तंभ)। आमेर में रविवार को आयोजित ‘मिस्टर जयपुर एवं मिस्टर राजस्थान ओपन’ बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में जयपुर के नासिर खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक सहित कई खिताब अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से बॉडीबिल्डिंग और फिटनेस के क्षेत्र में उनकी मेहनत और लगन सामने आई।

नासिर खान ने मिस्टर जयपुर प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं, मिस्टर राजस्थान प्रतियोगिता के 80 किलोग्राम भार वर्ग में भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। इसके अलावा, प्रतियोगिता की ओवरऑल कैटेगरी में उन्हें बेस्ट पॉशर के खिताब से सम्मानित किया गया। एक ही आयोजन में तीन उपलब्धियां हासिल कर नासिर खान ने अपनी सफलता का परचम लहराया।

बॉडीबिल्डिंग हेल्थ एंड फिटनेस एसोसिएशन (BHFA) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए बॉडीबिल्डर्स ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन आमेर स्थित के.के. रॉयल होटल के पास सत्यन कुंज गार्डन में किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, मांसपेशियों की बनावट और मंच पर प्रस्तुति के दम पर निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।

आयोजन का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। एसोसिएशन की ओर से युवाओं को नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहकर खेल एवं फिटनेस के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

नासिर खान की इस सफलता को उनकी नियमित मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। मिस्टर जयपुर में स्वर्ण पदक, मिस्टर राजस्थान के 80 किलो भार वर्ग में गोल्ड और ओवरऑल कैटेगरी में बेस्ट पॉशर का खिताब जीतकर उन्होंने जयपुर का नाम रोशन किया।

Related Articles