जयपुर, 26 फरवरी 2025(न्याय स्तंभ)। सवाई मानसिंह अस्पताल के सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत 300 रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक पूर्ण कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विभाग में पहली रोबोटिक सर्जरी 13 मार्च 2023 को डॉ. राजेंद्र मंडिया द्वारा की गई थी, जिसके साथ ही अत्याधुनिक रोबोटिक तकनीक की औपचारिक शुरुआत हुई।
तीन वर्ष पूर्व अधिग्रहित Da Vinci Xi रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम के माध्यम से हर्निया, अपर गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (GI) और कोलोरेक्टल जैसी जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा रही हैं। हाल ही में 300वीं रोबोटिक सर्जरी डॉ. शालू गुप्ता एवं डॉ. पंकज पोरवाल के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। यह जटिल ऑपरेशन 47 वर्षीय एनआरआई मरीज पर किया गया, जिन्हें अम्बिलिकल हर्निया विद डाइवेरिकेशन ऑफ रेक्टाई की समस्या थी। रोबोटिक TARUP तकनीक से सर्जरी पूरी तरह सफल रही और मरीज स्वस्थ होकर रिकवरी कर रहा है।
विभागाध्यक्ष डॉ. रिचा जैन ने इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली में अत्याधुनिक तकनीक के सफल समावेश का प्रमाण बताया। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मृणाल जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि चिकित्सकों, एनेस्थीसिया टीम, नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी कर्मियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
रोबोटिक सर्जरी से मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव और शीघ्र स्वस्थ होने का लाभ मिल रहा है। विभाग भविष्य में प्रशिक्षण, अनुसंधान और सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर रहेगा।