जयपुर, 25 नवंबर 2026 (न्याय स्तंभ)। भारतीय मजदूर संघ, जिला जयपुर की ओर से आज संतोंबा दुर्लभ जी हॉस्पिटल में कार्यरत यूनियन कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला मंत्री अजय सक्सेना एवं जिला कार्यकारी अध्यक्ष अक्षय कुमार ने सहभागिता की।
बैठक में हॉस्पिटल यूनियन के अध्यक्ष केशव एवं महामंत्री मुकेश ने संगठन की वर्तमान स्थिति, कर्मचारियों की संख्या तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संगठन से लगभग 400 कर्मचारी जुड़े हुए हैं।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यकारिणी के गठन एवं अधिवेशन के आयोजन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिवेशन की संभावित तिथि 9 दिसंबर प्रस्तावित की गई। स्वरूप समिति एवं आपसी विचार-विमर्श के पश्चात अंतिम तिथि निर्धारित कर शीघ्र घोषित करने पर सहमति बनी।
जिला मंत्री अजय सक्सेना ने संगठन में आपसी समन्वय, संवाद एवं सामंजस्य बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि संगठनात्मक गतिविधियों में किसी प्रकार का गतिरोध नहीं होना चाहिए। सभी निर्णय आपसी सहमति से लिए जाएं तथा प्रत्येक कार्यकर्ता एवं सदस्य को साथ लेकर संगठन को मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए।
जिला कार्यकारी अध्यक्ष अक्षय कुमार ने संगठन की वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्था पर चर्चा करते हुए यूनियन के बैंक खाते एवं पैन कार्ड की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में संगठन का बैंक खाता उपलब्ध नहीं है। इस पर शीघ्र बैंक खाता खुलवाने एवं पैन कार्ड बनवाने का सुझाव दिया गया, जिससे संगठन की वित्तीय व्यवस्था पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष रेनू धाकड़ एवं मीडिया प्रभारी आशीष नायक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने आपसी सहयोग, एकजुटता एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से संगठन को सशक्त बनाने तथा आगामी अधिवेशन को सफल बनाने का संकल्प लिया।