सितंबर में होंगे पैक्स, लैंप्स एवं डेयरी के जिला सम्मेलन, नवंबर में आठ प्रकोष्ठों के प्रदेश सम्मेलन
जोधपुर, 28 जुलाई 2026(न्याय स्तंभ)। सहकारिता क्षेत्र में कार्यरत देश के एकमात्र अखिल भारतीय संगठन सहकार भारती राजस्थान की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक जोधपुर स्थित आदर्श वाटिका में संपन्न हुई। बैठक में आगामी अगस्त से दिसंबर तक आयोजित होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा संगठन विस्तार एवं सहकारिता की योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने पर व्यापक चर्चा हुई।
प्रदेश मंत्री मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि संगठन व्यक्तिगत एवं संस्थागत सदस्यता अभियान को गति देते हुए सहकारिता से अधिकाधिक लोगों को जोड़ने का कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि सितंबर माह में पैक्स, लैंप्स एवं डेयरी के जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जबकि नवंबर माह में एफपीओ, मत्स्य, डेयरी, स्वयं सहायता समूह, साख समिति सहित आठ प्रकोष्ठों के प्रदेश सम्मेलन राजस्थान के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होंगे।
बैठक के विभिन्न सत्रों में संरक्षक मोहनलाल परमार, संगठन प्रमुख प्रदीप चौबीसा, प्रदेश उपाध्यक्ष महेन्द्र दवे एवं जयंत द्विवेदी, कोष प्रमुख इन्द्रेश कुमार गुप्ता तथा प्रदेश प्रचार सह प्रमुख शिवशंकर शर्मा ने संगठन के विस्तार एवं सहकारिता के मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए।
उद्घाटन सत्र में भारत माता एवं सहकार भारती के संस्थापक स्वर्गीय लक्ष्मणराव इनामदार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ बैठक का शुभारंभ किया गया।
बैठक में संगठन विस्तार के तहत कई महत्वपूर्ण दायित्वों की घोषणा की गई। देवेंद्र सैनी को उपभोक्ता प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक तथा अभिषेक बगड़िया को आईटी प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया। इसके साथ ही प्रकाश जायसवाल, डॉ. रेखा वर्मा, डॉ. शिरीष शर्मा, मनोज पारीक, जगदीश मीणा एवं प्रमोद शर्मा को विभिन्न विभागीय दायित्व सौंपे गए।
इसी क्रम में शिवचरण पितलिया, कृष्ण कुमार गुप्ता, अजीत मीणा, परमसुख शर्मा, सूरजभान सिंह आमेरा, विकास शर्मा, सुभाष ओझा, लीलाराम प्रजापत एवं पुखराज दर्जी को विभिन्न जिलों एवं संगठनात्मक दायित्वों पर मनोनीत किया गया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा सहकारिता की विचारधारा को गाँव-गाँव तक पहुँचाने का संकल्प लिया।