रोबोटिक सर्जरी से एसएमएस अस्पताल में जटिल ऑपरेशन सफल

जयपुर, 24 फरवरी 2025(न्याय स्तंभ)।  सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में रोबोटिक तकनीक की मदद से एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है। अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी के जरिए 57 वर्षीय मरीज का ऑपरेशन किया गया, जिससे उनकी गंभीर श्वसन समस्या में राहत मिली।
मरीज, जो जयपुर निवासी एवं नर्सिंग सुपरिटेंडेंट हैं, पिछले तीन माह से सांस लेने में तकलीफ, लगातार खांसी और थोड़ी दूरी चलने पर सांस फूलने की समस्या से परेशान थे। परामर्श के लिए उन्होंने अस्पताल के सर्जरी विभाग में प्रोफेसर डॉ. अमित गोयल से संपर्क किया। आवश्यक जांचों के बाद मरीज में डायाफ्रामेटिक इवेंट्रेशन (Diaphragmatic Eventration) की पुष्टि हुई, जिसके उपचार के लिए सर्जरी जरूरी थी।
मरीज का वजन लगभग 110 किलोग्राम होने के कारण पारंपरिक ओपन सर्जरी या सामान्य लेप्रोस्कोपिक तकनीक से ऑपरेशन करना जोखिमपूर्ण और चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में यूनिट प्रभारी डॉ. प्रभा ओम के मार्गदर्शन में सर्जन डॉ. अमित गोयल ने रोबोटिक तकनीक का विकल्प चुना।
रोबोटिक सर्जरी के दौरान न्यूनतम रक्तस्राव हुआ और ऑपरेशन के बाद मरीज को अपेक्षाकृत कम दर्द का सामना करना पड़ा। साथ ही उनकी रिकवरी भी तेजी से हुई। चिकित्सकों का कहना है कि जटिल मामलों में रोबोटिक तकनीक सटीकता, सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने में अहम भूमिका निभा रही है।
इस सफल ऑपरेशन में डॉ. अमित गोयल के साथ डॉ. प्रवीण जोशी, रेजिडेंट डॉ. गानवी, डॉ. रजत, डॉ. कविता, डॉ. गरिमा, डॉ. जय और डॉ. सिद्धार्थ का सहयोग रहा। एनेस्थीसिया विभाग से प्रोफेसर डॉ. सुशील भाटी, डॉ. इंदु वर्मा एवं डॉ. सुनील चौहान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नर्सिंग स्टाफ में सुनील सहित अन्य कर्मियों का विशेष योगदान रहा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से राज्य के मरीजों को अब जटिल उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है।

Related Articles