फर्जी प्रिस्क्रिप्शन और करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोपी मनीष सोनी गिरफ्तार

जयपुर, 09 मई 2026 (न्याय स्तंभ)। शहर के प्रतिष्ठित भण्डारी हॉस्पिटल में लंबे समय से चल रही कथित वित्तीय अनियमितताओं, जालसाजी और धोखाधड़ी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी मनीष सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनीष सोनी ने हॉस्पिटल में कार्यरत रहते हुए मरीजों से ऑनलाइन परामर्श और दवाइयों के नाम पर रकम अपने निजी बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई।

जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी ने फर्जी प्रिस्क्रिप्शन, नकली बिल और विभिन्न फार्मेसी के जीएसटी एवं ड्रग लाइसेंस नंबरों का अवैध इस्तेमाल कर देश-विदेश में दवाइयों और इंजेक्शनों की सप्लाई भी की। मामले में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन सामने आने के बाद पुलिस और हॉस्पिटल प्रबंधन ने संयुक्त रूप से डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की।

सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने कई डॉक्टरों के नाम, डिजिटल हस्ताक्षर और मेडिकल दस्तावेजों का दुरुपयोग किया। इतना ही नहीं, खुद को चिकित्सक बताकर कई मरीजों से कथित रूप से धोखाधड़ी करने के आरोप भी लगे हैं। इस पूरे प्रकरण से हॉस्पिटल की साख को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

भण्डारी हॉस्पिटल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि मामले से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्य, बैंक रिकॉर्ड और दस्तावेज जांच एजेंसियों को सौंप दिए गए हैं। प्रबंधन ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।

Related Articles