केंद्रीय बजट विकसित भारत की ओर ऐतिहासिक कदम - कुमावत

जयपुर , 1 फरवरी 2026। (न्याय स्तंभ)। केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने इसे देश के सुनहरे और विकसित भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक करार दिया है। जयपुर में जारी अपनी प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और जनकल्याण के तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है, जिससे “सबका साथ, सबका विकास” की भावना और मजबूत होगी।
मंत्री कुमावत ने कहा कि इस बजट से गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा। कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक, एआई आधारित खेती, पशुपालन और डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने की घोषणाएं राजस्थान जैसे राज्यों के लिए बेहद लाभकारी हैं।
उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन के क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर खुलेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में बायोफार्मा के लिए 10 हजार करोड़ रुपये, जिला अस्पतालों के उन्नयन और ट्रॉमा सेंटर की स्थापना को उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताया।
महिला सशक्तिकरण के तहत लखपति दीदी योजना और बालिका छात्रावासों की घोषणा को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। कुमावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि यह बजट देश को समावेशी विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

Related Articles