जयपुर, 25 फरवरी 2025(न्याय स्तंभ)। भारतीय मजदूर संघ जयपुर इकाई के आह्वान पर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। प्रदर्शन के बाद कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
धरने की अध्यक्षता रणजीत गुर्जर ने की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री हरिमोहन शर्मा, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, जिला मंत्री महेंद्र सैनी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वक्ताओं ने श्रमिक नीतियों को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
संघ ने सभी क्षेत्रों में श्रम कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, औद्योगिक संबंध संहिता 2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियाँ संहिता 2020 में संशोधन कर श्रमिकों की चिंताओं का समाधान करने की मांग रखी। साथ ही भारतीय श्रम सम्मेलन शीघ्र बुलाकर त्रिपक्षीय समितियों के पुनर्गठन पर जोर दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने Employees' Pension Scheme (ईपीएस-95) के तहत न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये से बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रतिमाह करने, महंगाई राहत देने और आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की मांग की। इसके अलावा Employees' State Insurance Corporation (ईएसआईसी) की वेतन सीमा 21,000 से बढ़ाकर 42,000 रुपये करने, बोनस पात्रता सीमा बढ़ाने तथा संविदा व योजना कर्मियों का नियमितीकरण करने की भी मांग की गई।
संघ ने सामान्य भर्ती पर लगे प्रतिबंध हटाने, रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करने और राज्य बजट में श्रमिक हित में संशोधन की मांग भी उठाई। जिला प्रचार मंत्री अक्षय कुमार मीना ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।