जयपुर, 26 जनवरी 2026(न्याय स्तंभ)। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जयपुर मेट्रो के मानसरोवर डिपो स्थित प्रशासनिक भवन में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक (कंपनी मामलात) महेश कुमार भुराड़िया ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जयपुर मेट्रो प्रांगण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। समारोह में जयपुर मेट्रो के सभी निदेशकगण, वरिष्ठ अधिकारी, मेट्रो पुलिस तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
“मेट्रो किसी भी शहर की प्रगति का प्रतीक” — भुराड़िया
मुख्य अतिथि महेश कुमार भुराड़िया ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत ने शहरी परिवहन के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। देश के लगभग सभी प्रमुख शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं और किसी भी शहर में मेट्रो का होना उस शहर की आधुनिकता और विकास का प्रतीक है। यह न केवल यातायात का सशक्त माध्यम है, बल्कि शहरवासियों के लिए गर्व की बात भी है।
जयपुर मेट्रो निरंतर प्रगति के पथ पर
उन्होंने बताया कि जयपुर मेट्रो रेल निगम निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। केंद्र और राज्य सरकार की 50:50 भागीदारी से बने संयुक्त उपक्रम राजस्थान मेट्रो रेल निगम का गठन फरवरी 2025 में किया गया, जिसके अंतर्गत वर्तमान में संचालित और निर्माणाधीन फेज-1 के साथ-साथ भविष्य के फेज-2 और अन्य प्रस्तावित फेज को भी क्रियान्वित किया जाएगा।
अधिकारियों और टीम को दी बधाई
भुराड़िया ने निदेशक (परिचालन एवं प्रणाली) और उनकी टीम को मेट्रो के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन के लिए, निदेशक (वित्त) और उनकी टीम को बेहतर वित्तीय प्रबंधन के लिए, कार्यकारी निदेशक (कंपनी मामलात) को गैर किराया आय में वृद्धि और कुशल प्रशासनिक संचालन के लिए तथा निदेशक (परियोजना) और उनकी टीम को फेज-2 की डीपीआर स्वीकृति एवं फेज-1C व 1D के निर्माण कार्यों में गति लाने के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
“जयपुर को बनाएंगे आधुनिक और आत्मनिर्भर शहर”
अपने संबोधन के अंत में मुख्य अतिथि ने कहा कि हमें गर्व है कि हम सभी संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए जयपुर मेट्रो को एक आत्मनिर्भर और विकसित उपक्रम के रूप में स्थापित कर रहे हैं। साथ ही जयपुर शहर को शहरी यातायात की दृष्टि से आधुनिक, सुरक्षित और सुविधासंपन्न बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जयपुर मेट्रो और अधिक प्रगति करेगी और शहर को नई पहचान दिलाएगी।