जयपुर, 22 जनवरी 2026 (न्याय स्तंभ)। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने अयोध्या में भगवान रामलला की मूर्ति स्थापना के शुभ दिन पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्यभर से बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने विधिवत रूप से गोपीचंद मीणा को पदभार ग्रहण करवाया। अपने संबोधन में मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि जो लोग समाज को तोड़कर राजनीति करना चाहते हैं, उन्हें जनता बेनकाब करे। सेवा करने वालों को सम्मान और समाज की उपेक्षा करने वालों को जवाब देने का समय आ गया है।
इस मौके पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने गोपीचंद मीणा को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजाति समाज के उत्थान, सशक्तिकरण और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। भाजपा जनजाति मोर्चा समाज के अधिकारों और सामाजिक उन्नयन के लिए मजबूत भूमिका निभा रहा है, जो भविष्य में भी समाज को नई दिशा देगा।
प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में पेपरलीक माफिया पनपा और लाखों युवाओं के साथ धोखा किया गया। हर परीक्षा में मिलीभगत कर युवाओं के सपनों को तोड़ा गया, जबकि भाजपा सरकार के दो वर्षों में किसी भी युवा के साथ अन्याय नहीं होने दिया गया। उन्होंने कहा कि एसटी मोर्चा के कार्यकर्ता सर्व समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे, चाहे वह रोजगार हो या सामाजिक सेवा।
गोपीचंद मीणा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी पंचायत चुनावों के लिए अभी से जुट जाएं और “ट्रिपल इंजन सरकार” बनाने के संकल्प के साथ गांव-गांव तक भाजपा की लहर पहुंचाएं।
वाहनों का रैला, टोल प्लाजा पर लगी लंबी कतारें
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह से ही राज्यभर से भाजपा के झंडों और बैनरों से सजे वाहनों का जयपुर की ओर रैला उमड़ पड़ा। कई टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी दूर-दराज से लोगों का पहुंचना जारी रहा।
एक दर्जन से अधिक स्थानों पर भव्य स्वागत
समारोह से पहले गोपीचंद मीणा के काफिले का जयपुर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। सहकार सर्किल पर जेसीबी पर चढ़कर कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। भाजपा कार्यालय पहुंचते ही “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा।
मंच पर माला पहनाने की होड़
कार्यक्रम के दौरान मंच पर गोपीचंद मीणा को माला, साफा, शॉल और बुके पहनाने की होड़ मच गई। उन्हें 101 किलो, 51 किलो, 31 किलो और 21 किलो की विशाल मालाओं से सम्मानित किया गया। मेवाड़ अंचल से आए कार्यकर्ताओं ने तीर-कमान, हल और पगड़ी भेंट कर स्वागत किया।
महिलाओं की रही भारी भागीदारी
समारोह की खास बात महिलाओं की भारी उपस्थिति रही। राज्य के विभिन्न जिलों से आई महिलाएं पारंपरिक परिधान में नजर आईं, जिससे भाजपा कार्यालय पर राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।
इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कनकमल कटारा, रामकिशोर मीणा, नारायण मीणा, हेमराज मीणा, जितेंद्र मीणा, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, आसींद विधायक झब्बरसिंह सांखला, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा, किशनगढ़ शाहबाद विधायक ललित मीणा, पूर्व मंत्री वीरेंद्र मीणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।