मरीजों से भुगतान में गड़बड़ी के आरोप, कर्मचारी पर FIR दर्ज

जयपुर, 09 अप्रैल 2026(न्याय स्तंभ)। शहर के एक निजी अस्पताल से जुड़ा आर्थिक अनियमितता का मामला सामने आया है, जिसमें अस्पताल प्रबंधन की ओर से अपने ही एक  कर्मचारी के खिलाफ थाने में FIR दर्ज करवाई गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

FIR में दर्ज तथ्यों के अनुसार, आरोपी मनीष सोनी, जो वर्ष 2019 से अस्पताल में कार्यरत बताया गया है, पर आरोप है कि उसने मरीजों से मेडिकल सेवाओं एवं दवाइयों के भुगतान के नाम पर राशि अपने निजी खातों में ट्रांसफर करवाई। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि मरीजों को अलग-अलग खातों के नंबर देकर भुगतान करवाया जाता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 मार्च 2026 को एक मरीज के परिजन द्वारा भुगतान को लेकर संदेह जताने पर अस्पताल प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू की। इस दौरान कुछ संदिग्ध लेनदेन सामने आने की बात कही गई है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित कर्मचारी ने कथित रूप से फर्जी बिल एवं दस्तावेज तैयार कर विभिन्न मरीजों से राशि वसूली। कुछ मामलों में बिना डॉक्टर की जानकारी के दवाइयों के वितरण और भुगतान लेने के आरोप भी सामने आए हैं। प्रारंभिक स्तर पर इस मामले में बड़ी रकम के लेनदेन की आशंका जताई गई है।

अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संस्थान की कार्यप्रणाली पारदर्शी है और मरीजों के हित सर्वोपरि हैं। प्रबंधन के अनुसार, मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित कर्मचारी को कार्य से अलग कर दिया गया और पूरे प्रकरण की सूचना पुलिस को दी गई।

फिलहाल पुलिस द्वारा FIR के आधार पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।

नोट - इस समाचार में उल्लेखित सभी आरोप संबंधित FIR एवं प्राप्त शिकायत के आधार पर प्रकाशित किए गए हैं। प्रकरण वर्तमान में जांचाधीन है और अंतिम निष्कर्ष संबंधित जांच एजेंसी द्वारा ही निर्धारित किया जाएगा। 

खबर में जिसकी फोटो प्रकाशित की गई है, यह व्यक्ति FIR में नामजद आरोपी है, दोष सिद्ध होना बाकी है”

Related Articles