नगर निगम हेरिटेज में बड़ा हादसा — आयुक्त के दफ़्तर के बाहर छत का प्लास्टर गिरा
जयपुर, 11 अगस्त 2025 (न्याय स्तंभ)। जयपुर नगर निगम हेरिटेज में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आयुक्त निधि पटेल के कार्यालय के बाहर की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था और आयुक्त भी अपने कक्ष में नहीं थीं। लेकिन सवाल बड़ा है की अगर यह प्लास्टर किसी कर्मचारी, आगंतुक या खुद आयुक्त पर गिर जाता, तो ज़िम्मेदारी किसकी होती?
इस घटना ने एक बार फिर निगम की अभियांत्रिकी शाखा पर सवालों की बौछार कर दी है। पूरे शहर का कायाकल्प बदलने का दावा करने वाले वे इंजीनियर, जो निगम से मोटी सैलरी और सरकारी सुविधाएं लेते हैं, अपने ही दफ्तर की छत की मरम्मत नहीं करा पाए! ऐसे में शहर की सड़कों, पुलों और इमारतों की सुरक्षा पर भरोसा कैसे किया जाए?
जनता भी सवाल कर रही है कि जिनके अपने सिर के ऊपर की छत सुरक्षित नहीं, वो शहर के ऊपर सुरक्षा का छाता क्या खड़ा करेंगे? क्या ये महज़ लापरवाही है या फिर ‘कागज़ी इंजीनियरिंग’ का एक और नमूना? हादसा भले टल गया, लेकिन सवाल अब भी हवा में तैर रहा है की अगली बार गिरेगा क्या और किस पर?