मदन राठौड़ का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले— झूठ की राजनीति अब नहीं चलेगी
जयपुर, 13 दिसम्बर 2025(न्याय स्तंभ)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के शुक्रवार को दिए गए बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि यदि डोटासरा के पास पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार से तुलना करने लायक कोई ठोस तथ्य हैं, तो उन्हें अल्बर्ट हॉल जैसे सार्वजनिक मंचों पर बयानबाज़ी करने की बजाय प्रदेश की सबसे बड़ी पंचायत—विधानसभा—में आकर खुली बहस करनी चाहिए। राठौड़ ने कहा कि वे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह करेंगे कि विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस के पांच वर्षों और भाजपा सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल पर पूरे एक दिन की विस्तृत बहस करवाई जाए, ताकि जनता के सामने सच्चाई पूरी तरह उजागर हो सके।
मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेतृत्व पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और उनके साथी नेता झूठ का पुलिंदा लेकर प्रदेश में घूम रहे हैं। जिन लोगों ने राज्य की जनता के अमूल्य पांच वर्ष आपसी गुटबाज़ी, सत्ता संघर्ष और अंतहीन लड़ाइयों में बर्बाद कर दिए, वे आज एक ऐसी सरकार पर सवाल उठा रहे हैं जो जमीन पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधानसभा में बहस करने से इसलिए बच रही है क्योंकि उसे अपने ही कार्यकाल की नाकामियों का सामना करने का साहस नहीं है।
राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में भाजपा सरकार ने महज दो वर्षों में राज्य को विकास की नई दिशा दी है। जल संकट से निपटने के लिए महत्वपूर्ण समझौते किए गए हैं, ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं और उद्योग, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में व्यापक और ठोस विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां सिर्फ कागज़ों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान जिस बदहाली के दौर से गुजरा, उसे जनता भली-भांति जानती है। उस समय प्रदेश महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, महिला अत्याचार, साम्प्रदायिक तनाव और साइबर अपराध जैसे मामलों में देश में बदनाम हो गया था। आज भाजपा सरकार ने इन समस्याओं पर सख्त कार्रवाई कर प्रदेश की जनता को कांग्रेस के काले कारनामों से राहत दिलाने का काम किया है।
मदन राठौड़ ने कहा कि वर्तमान सरकार ने हर संवेदनशील मुद्दे पर प्रभावी नीति और निर्णायक कार्रवाई के जरिए दोषियों को कटघरे में खड़ा किया है और सभी वर्गों को राहत देने का कार्य किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर कांग्रेस में ज़रा भी राजनीतिक ईमानदारी और नैतिक साहस है, तो उसे अल्बर्ट हॉल की राजनीति छोड़कर विधानसभा में आकर सच का सामना करना चाहिए।