2030 तक डीजल में 5 प्रतिशत बायोडीजल मिश्रण का लक्ष्य, सरकार ने उठाए कदम
जयपुर, 10 अगस्त 2026(न्याय स्तंभ)। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश में जैव ईंधन को बढ़ावा देने और आयातित फीडस्टॉक पर निर्भरता कम करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार ने वर्ष 2030 तक डीजल में 5 प्रतिशत बायोडीजल मिश्रण का लक्ष्य निर्धारित किया है।
राठौड़ ने बताया कि राष्ट्रीय जैव ईंधन नीति के तहत बायोडीजल के उत्पादन और मिश्रण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कदम उठाए गए हैं। परिवहन क्षेत्र में हाई स्पीड डीजल के साथ मिश्रण के लिए बायोडीजल की बिक्री को लेकर ‘दिशा-निर्देश-2019’ अधिसूचित किए गए हैं। साथ ही मिश्रण कार्यक्रम के लिए बायोडीजल की खरीद पर जीएसटी दर को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है।
राज्यसभा में राठौड़ के सवाल के जवाब में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जून 2021 से 2024 तक तेल विपणन कंपनियों द्वारा घरेलू एवं आयातित फीडस्टॉक की कीमत, उत्पादन लागत और लाभ को ध्यान में रखकर बायोडीजल की कीमत निर्धारित की गई। वर्तमान में घरेलू फीडस्टॉक को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उसकी कीमतों को आधार बनाया जा रहा है।
राठौड़ के अनुसार देश में पंजीकृत बायोडीजल विक्रेताओं के आधार पर कुल स्थापित उत्पादन क्षमता करीब 579 करोड़ लीटर प्रतिवर्ष है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास घरेलू फीडस्टॉक की उपलब्धता बढ़ाकर जैव ईंधन को मजबूत करना और आयात पर निर्भरता घटाना है।