कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए – बेढम
जयपुर, 2 सितंबर 2025 (न्याय स्तंभ)। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि राज्य सरकार पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। टीकाराम जूली प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जता रहे हैं, मगर वे भूल रहे हैं कि उनकी पार्टी के शासनकाल में राजस्थान अपराधों का गढ़ बन गया था। महिला अत्याचार के मामलों में प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता था।
स्मार्ट मीटर पर कांग्रेस का दोगला रवैया
बेढम ने कहा कि कांग्रेस नेता स्मार्ट मीटर को लेकर दोगला व्यवहार कर रहे हैं। उनकी ही सरकार ने डेढ़ करोड़ स्मार्ट मीटर लगाने का टेंडर जारी किया था और लगभग साढ़े पांच लाख मीटर लग भी चुके थे।
विकास कार्यों से बौखलाई कांग्रेस
मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस तो चारा चोर की दोस्त बनी हुई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार ने विकास कार्यों की झड़ी लगा दी है, इसी कारण कांग्रेस नेताओं के पास मुद्दों की भारी कमी हो गई है। यही वजह है कि डोटासरा विधानसभा से भाग रहे हैं, जबकि उन्हें सदन में रुककर कार्यवाही का हिस्सा लेना चाहिए।
कांग्रेस गुटबाजी से जूझ रही, भाजपा एकजुट
बेढम ने कहा कि टीकाराम जूली को वो समय याद करना चाहिए, जब नेता प्रतिपक्ष रहते हुए उन्हें अपनी ही पार्टी के नेताओं ने बोलने से रोका था। आज कांग्रेस गुटों में बंटी हुई है, जबकि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह एकजुट है।